
अजय यादव पथरिया । वीरांगना अवंती बाई लोधी शासकीय महाविद्यालय पथरिया में विज्ञान संकाय के तत्वावधान में “विश्व जल दिवस” के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ अपनी सहभागिता दर्ज कराई। जल संरक्षण हेतु जागरूकता का संदेश कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. अंजनी शर्मा द्वारा की गई। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य ने जल संरक्षण में व्यक्तिगत जिम्मेदारी की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को जल के साथ-साथ विद्युत जैसे अमूल्य संसाधनों के अपव्यय को रोकने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। विशेष व्याख्यान और थीम कार्यक्रम का संचालन रसायन शास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. डी. के. पाण्डेय ने किया। वनस्पति शास्त्र विभाग की प्राध्यापक वंदना शर्मा ने वर्ष 2026 के विश्व जल दिवस की थीम “जल एवं लैंगिक समानता” पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए बताया कि जल प्रबंधन में महिलाओं और पुरुषों की समान भागीदारी क्यों आवश्यक है।
विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता
भाषण प्रतियोगिता में बी.एस.सी. की छात्राएं शालिनी, खुशी, घनेश्वरी और कामिनी राजपूत ने प्रभावशाली वक्तव्य दिए। उन्होंने जीवन की उत्पत्ति में जल की भूमिका, इसके जैविक, पर्यावरणीय, सामाजिक और आर्थिक महत्व को रेखांकित किया। साथ ही जल संरक्षण के आधुनिक उपायों पर भी अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इनकी रही गरिमामय उपस्थिति
इस आयोजन को सफल बनाने में समाजशास्त्र विभाग के डॉ. यू. एस. श्रीवास्तव, डॉ. अनिल कुमार, वाणिज्य विभाग की सत्या कुर्रे, रसायन शास्त्र विभाग के डॉ. डी. के. पाण्डेय, वनस्पति शास्त्र विभाग की वंदना शर्मा, अमित बंजारे, अजय साहू एवं सुखचंद महंत का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया गया, जिसके पश्चात कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ!



