प्रभात राय बिलासपुर। दीपावली के पावन अवसर पर बच्चों एवं युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजक वंदना मिश्रा के नेतृत्व में दो दिवसीय रंगोली सज्जा, कैंडल मेकिंग और दीया मेकिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया। निजी भवन में आयोजित इस कार्यशाला में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने आकर्षक रंगोलियां तैयार कीं। इसके साथ ही विभिन्न रंगों और डिजाइनों से सजे सुंदर दीये एवं कैंडल बनाकर दीपावली की खुशियों को खास बनाया।

आयोजक वंदना मिश्रा ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना तथा उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। ऐसी कार्यशालाओं के माध्यम से बच्चे नए हुनर सीख सकते हैं और भविष्य में इन कलाओं को स्वरोजगार के रूप में भी अपना सकते हैं।
वहीं कैंडल मेकिंग प्रशिक्षक जेठना बजाज ने कहा कि मेहनत और लगन के बिना सफलता संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वंदना मिश्रा द्वारा दिए गए मंच के माध्यम से उन्हें भी अपनी कला और हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है।
रंगोली प्रशिक्षक ममता देवांगन ने कहा कि रंगोली कला सीखने के प्रति लोगों में काफी उत्साह देखने को मिलता है। उनका प्रयास रहता है कि अधिक से अधिक लोग इस कला को सीखें और अपनी प्रतिभा के माध्यम से समाज में एक अलग पहचान बनाएं।
दो दिवसीय इस कार्यशाला के माध्यम से बच्चों और युवाओं को रचनात्मकता, आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।








