
बिलासपुर/कोटा। कोटा पुलिस ने सशस्त्र हथियार के साथ लूट और नकबजनी की दो वारदातों का खुलासा करते हुए मास्टरमाइंड समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का 100 प्रतिशत माल बरामद करने का दावा किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बड़े बराबर मोड़ के पास सलका डैम के नजदीक अज्ञात आरोपियों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने कर्मचारी से बैग झपटकर उसे धक्का देकर गिरा दिया था। मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

इसी तरह 18 जुलाई को राजकुमारी जायसवाल के घर में कुछ आरोपी बुर्का पहनकर घुसे और एयरगन दिखाकर मारपीट करते हुए सोने के जेवरात लूटकर फरार हो गए थे। इस मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बिछाया जाल
विवेचना के दौरान घटनास्थल निरीक्षण और गवाहों के कथन के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस ने राकेश जायसवाल (35), दिव्यांशु जायसवाल (24), आदर्श तिवारी (26), हर्ष नामदेव (25), हर्ष सोनी (24) और सनी सिंह (35) को गिरफ्तार किया।
राकेश ने बनाई थी पूरी साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि राकेश जायसवाल इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था। उसने अपने साथियों दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर दोनों वारदातों की योजना बनाई। वारदात में इस्तेमाल हथियार के लिए सनी सिंह से संपर्क किया गया। सनी सिंह अपने साथ आरोपियों को रीवा ले गया, जहां उसके भाई से पिस्टल उपलब्ध कराई गई।
इसके बाद राकेश, आदर्श और दिव्यांशु ने मिलकर दोनों घटनाओं को अंजाम दिया। लूटे गए सोने के जेवरात को हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी को बेचा गया, जो ज्वेलरी दुकान संचालित करता है। इसके एवज में आरोपियों ने रकम प्राप्त की।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के बाद लूटे गए सामान की बरामदगी की और सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक धर्मेंद्र साहू, आरक्षक संजय श्याम सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है।








