मल्हार। मल्हार चौकी क्षेत्र में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां मेला चौक स्थित कनकन कुएं में गिरने से 52 वर्षीय ग्रामीण ईश्वर यादव की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया।
मिली जानकारी के अनुसार, मल्हार के वार्ड क्रमांक 12, नईयापारा निवासी ईश्वर यादव बुधवार शाम करीब 7 बजे अपने एक साथी के साथ कनकन कुएं के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान अचानक वह कुएं में गिर गया और गहरे पानी में डूब गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल ग्रामीणों और पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मल्हार पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की गई। काफी मशक्कत के बाद ईश्वर यादव को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मस्तूरी स्थित मर्च्यूरी में भिजवा दिया।
शराब के नशे में होने की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि ईश्वर यादव शराब के नशे में होने के कारण कुएं में गिरा होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। वह किन परिस्थितियों में कुएं में गिरा, इसका पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।








