Friday, February 20, 2026
Homeछत्तीसगढ़रायपुरगणतंत्र दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ पुलिस के जांबाज़ों का राष्ट्रीय सम्मान
spot_img
spot_img

गणतंत्र दिवस 2026 पर छत्तीसगढ़ पुलिस के जांबाज़ों का राष्ट्रीय सम्मान


रायपुर।
गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वीरता, विशिष्ट सेवा एवं सराहनीय सेवा पदकों से सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई है। इस उपलब्धि पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी सम्मानित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति अटूट समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि कठिन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य करने वाला पुलिस बल प्रदेश की असली ताकत है। यह गौरवपूर्ण उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।


गणतंत्र दिवस 2026 पर विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पदक से रामावतार सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक, रक्षित केंद्र जिला धमतरी को सम्मानित किया जाएगा। वहीं सराहनीय सेवाओं के लिए पदक प्राप्त करने वालों में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशि मोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, सेनानी 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़ निवेदिता पाल, सेनानी 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त मध्य रायपुर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई जयलाल मरकाम एवं प्लाटून कमांडर 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद हजारी लाल साहू शामिल हैं।


उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस बल के मनोबल को और अधिक मजबूत करेगा तथा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस बल भविष्य में भी संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करता रहेगा।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LETEST POSTS

kripya khabar copy na kare...jarurat ho to mang le...dhanywad