
बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने गंभीर अपराध में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया द्वारा दिनांक 13 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में बताया गया कि 26 मार्च 2026 की रात्रि करीब 2 बजे आरोपी मुकेश कुमार ढीमर (23 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 03 बिल्हा, उसके घर में घुस गया और चाकू अड़ाकर उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया तथा जान से मारने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा डी.आर. टण्डन के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार कर लिया। इसके पश्चात 14 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी गई और न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग सहित पुलिस स्टाफ प्रधान आरक्षक अमर चन्द्रा, आरक्षक अर्जुन जांगड़े एवं संतोष मरकाम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



