
बिलासपुर । भाजयुमो प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रौशन सिंह ने केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट की सराहना करते हुए इसे “विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम” बताया। उन्होंने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में तथा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट समावेशी विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
रौशन सिंह ने कहा कि इस बजट में विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं, किसानों और मध्यम वर्ग को प्राथमिकता दी गई है, जो सरकार की लोककल्याणकारी सोच को दर्शाता है। रोजगार सृजन, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्टार्टअप और ग्रामीण विकास से जुड़े प्रावधान देश को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि यह बजट “अंत्योदय से राष्ट्रोदय” की भावना को साकार करता है और नए भारत को वैश्विक विकास का अग्रदूत बनाने का स्पष्ट रोडमैप प्रस्तुत करता है। युवा वर्ग के लिए कौशल विकास योजनाएं और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए गए प्रावधान आने वाले वर्षों में सकारात्मक बदलाव लाएंगे।
रौशन सिंह ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार का ये निर्णय देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ समाज के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाने में सफल होंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा इस बजट के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।







