Homeबिलासपुरबिलासपुर कंसलटेंट यूनियन का गठन, रियल एस्टेट कारोबार में भरोसा और पारदर्शिता...
spot_img

बिलासपुर कंसलटेंट यूनियन का गठन, रियल एस्टेट कारोबार में भरोसा और पारदर्शिता पर जोर

spot_img
spot_img

प्रभात राय बिलासपुर। शहर में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कंसलटेंट, सलाहकारों और जमीन-प्रॉपर्टी के क्षेत्र में काम करने वाले लोगों को एक साझा मंच पर लाने की दिशा में बिलासपुर कंसलटेंट यूनियन का गठन किया गया। इस अवसर पर शहर के निजी भवन में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारी एवं सलाहकार शामिल हुए।

बैठक में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से एक ही प्लॉट या प्रॉपर्टी को एक से अधिक लोगों को दिखाने अथवा बेचने, ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी, गलत जानकारी देने और सलाहकारों के बीच होने वाले विवादों जैसी समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया गया।

बैठक का उद्देश्य स्पष्ट रहा कि रियल एस्टेट के कारोबार में भरोसा, पारदर्शिता और ईमानदारी को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्राहक और सलाहकार दोनों के हित सुरक्षित रहें तथा बिलासपुर में प्रॉपर्टी कारोबार की सकारात्मक छवि बने।

“लर्न करो, अर्न करो” की नीति पर जोर

बैठक में अवि बिल्डकॉन के डायरेक्टर अविनाश पटेल ने संगठन के गठन की सराहना करते हुए कहा कि रियल एस्टेट केवल जमीन और प्रॉपर्टी की खरीद-बिक्री का व्यवसाय नहीं, बल्कि लोगों के सपनों और उनकी जीवनभर की पूंजी से जुड़ा क्षेत्र है। इसलिए इस क्षेत्र में काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए विश्वास और ईमानदारी सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने “लर्न करो, अर्न करो” की नीति पर जोर देते हुए कहा कि रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को लगातार सीखते रहना चाहिए। प्रोजेक्ट की सही जानकारी, दस्तावेजों की समझ, ग्राहक की जरूरत और पूरी प्रक्रिया की जानकारी रखने वाला सलाहकार ही लंबे समय तक सफल हो सकता है।

अविनाश पटेल ने कहा कि यदि सभी सलाहकार आपसी सहयोग और पारदर्शिता के साथ काम करें तो बिलासपुर रियल एस्टेट के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना सकता है। संगठन के माध्यम से नए लोगों को सीखने का अवसर मिलेगा और अनुभवी लोगों के अनुभव का लाभ भी नई पीढ़ी के सलाहकारों को मिल सकेगा।

प्रशिक्षण से मजबूत होगा विश्वास

कार्यक्रम में केवल संगठन गठन तक सीमित न रहकर रियल एस्टेट क्षेत्र में काम करने की व्यावहारिक प्रक्रिया को लेकर प्रशिक्षण भी दिया गया। इसमें ग्राहक को प्रोजेक्ट दिखाने से लेकर प्रॉपर्टी की जानकारी देने, दस्तावेजों और सौदे की प्रक्रिया को समझाने तथा बिक्री पूरी होने तक विश्वास और ईमानदारी के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी प्रॉपर्टी की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से ग्राहक के सामने रखी जाए और एक ही संपत्ति को अलग-अलग लोगों के सामने बेचने जैसी गतिविधियों पर रोक लगे, तो भविष्य में होने वाले विवादों और धोखाधड़ी की घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

बिलासपुर कंसलटेंट यूनियन का उद्देश्य रियल एस्टेट से जुड़े लोगों को एक मंच प्रदान करने के साथ-साथ कारोबार में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आपसी सहयोग, प्रशिक्षण और पारदर्शिता को बढ़ावा देना है।

बैठक में मौजूद रियल एस्टेट कारोबारियों और सलाहकारों ने संगठन के इस प्रयास का स्वागत करते हुए इसे बिलासपुर के प्रॉपर्टी कारोबार को नई दिशा देने वाला कदम बताया।

spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
spot_img
RELATED ARTICLES

LETEST POSTS