प्रभात राय बिलासपुर। रक्षाबंधन के पावन पर्व के पूर्व लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा ट्रैफिक थाना परिसर में राखी बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्लब के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे, शैलेंद्र सिंह सहित थाने में पदस्थ करीब 15 से 20 पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र के रूप में राखियां बांधीं।

कार्यक्रम की रूपरेखा रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी ने रखी। इस अवसर पर अध्यक्ष पीएमजेएफ संजना मिश्रा, सुधा परिहार, मंगला कदम, चांदनी सक्सेना, उषा मुदलियार एवं पीएमजेएफ शारदा कश्यप सहित क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी बहनों ने पुलिसकर्मियों को अक्षत-कुमकुम का तिलक लगाकर राखी बांधी और मिठाई खिलाई।
रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम गोपाल करियारे को श्रीफल एवं उपहार भेंट किया। वहीं सभी पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर श्रीफल प्रदान किए गए।
क्लब की ओर से बताया गया कि पुलिसकर्मियों को राखी बांधने की यह पहल विगत कई वर्षों से जारी है। इसका उद्देश्य उन पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना है, जो दिन-रात नागरिकों की सुरक्षा में तत्पर रहते हैं। बहनों ने रक्षा सूत्र बांधकर सभी पुलिसकर्मियों के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
इस अवसर पर अर्चना तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल धागों का पर्व नहीं, बल्कि आत्मीय विश्वास, समर्पण और प्रेम का प्रतीक है। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को शगुन देकर उनकी रक्षा का आश्वासन दिया, जिसे क्लब की सदस्यों ने सहर्ष स्वीकार करते हुए पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।








