प्रभात राय बिलासपुर । लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा द्वारा अपने डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत ग्राम परसदा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम क्लब अध्यक्ष संजना मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन अर्चना तिवारी, जोन चेयरपर्सन रश्मि लता मिश्रा, सचिव मंजू मिश्रा, उषा मुदलियार, उपाध्यक्ष मंगला कदम, अनिमा मिश्रा एवं शोभा चाहिल सहित क्लब के सदस्यों ने विद्यालय परिसर में “एक पेड़, एक जिंदगी” अभियान के तहत पौधारोपण किया।
अभियान के तहत विद्यालय परिसर में करीब 20 पौधे लगाए गए। इनमें आयुर्वेदिक, छायादार एवं फलदार प्रजातियों के पौधे शामिल रहे। करण, अर्जुन, सेमर, पीपल, जामुन और आंवला सहित विभिन्न पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए एक-एक पौधा लगाया और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। पौधों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय परिसर में पहले से गड्ढे तैयार करवाकर पौधारोपण किया गया।
लायंस क्लब बिलासपुर वसुंधरा के पदाधिकारियों ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण क्लब का स्थायी प्रोजेक्ट है। इसी उद्देश्य से ऐसे स्थानों पर पौधारोपण किया जाता है, जहां पौधों का उचित संरक्षण और देखभाल सुनिश्चित हो सके। क्लब द्वारा वृहद वृक्षारोपण अभियान से जुड़कर लगातार विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में वसुंधरा परिवार की ओर से शाला परिसर की व्यवस्थापिका एवं शिक्षकों के प्रति सहयोग और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया।
















