
प्रभात राय बिलासपुर । हुमन वेलफेयर फाउण्डेशन् द्वारा आज प्रोग्रेसिव कॉन्वेंट स्कूल, कुम्हारपारा, बिलासपुर में “स्कूल किट वितरण कार्यक्रम” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित करना था।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. शेख सिराजुद्दीन,, बिलासपुर थे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में अज़हर शम्स रहमानी (सहायक यातायात प्रबंधक, मुख्यालय, SECR बिलासपुर), जसबीर सिंह चावला (समाजसेवी), शौकत अली (वरिष्ठ अधिवक्ता), डॉ. नौशीन (डेंटिस्ट) तथा डॉ. शगुफ्ता (मोटिवेशनल स्पीकर) उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि डॉ. शेख सिराजुद्दीन ने बच्चों से कहा कि “आप इस देश का भविष्य हैं। समाज का भी यह कर्तव्य है कि वह यह सुनिश्चित करे कि इन बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बने और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।” जसबीर सिंह चावला ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि “हालात चाहे कितने भी विपरीत क्यों न हों, कभी हिम्मत मत हारिए। अपना इरादा मजबूत रखिए, लगातार प्रयास कीजिए, सफलता अवश्य मिलेगी।”
डॉ. नौशीन ने बच्चों से कहा कि “सबसे पहले यह तय कीजिए कि आप पढ़ाई क्यों कर रहे हैं। क्या केवल परीक्षा पास करने के लिए या जीवन में सफल और बेहतर इंसान बनने के लिए? जब लक्ष्य स्पष्ट होगा, तभी सफलता का मार्ग भी स्पष्ट होगा।”
डॉ. शगुफ्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि “आप अपने जीवन में जो भी बनने का सपना देखते हैं, पहले अपना लक्ष्य तय करें। फिर प्रतिदिन स्वयं से पूछें कि उस लक्ष्य को पाने के लिए जो प्रयास आवश्यक हैं, क्या मैं उन्हें पूरी ईमानदारी से कर रहा हूँ या कहीं कोई कमी तो नहीं रह गई है। आत्ममूल्यांकन ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।”अन्य वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने हुमन वेलफेयर फाउण्डेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना अत्यंत सराहनीय एवं प्रेरणादायक कार्य है।
कार्यक्रम के दौरान 50 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, कॉपी, पेन, पेंसिल एवं अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन जमाअत-ए-इस्लामी हिन्द, बिलासपुर के अध्यक्ष श्री अब्दुल वाहिद सिद्दीकी ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छे चरित्र का निर्माण भी उतना ही आवश्यक है, जितना शिक्षा प्राप्त करना। उन्होंने बच्चों से कहा कि “जो चीज़ आप अपने लिए पसंद करते हैं, वही दूसरों के लिए भी पसंद करें।” यही एक अच्छे इंसान और आदर्श समाज की पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति इस उसूल को अपने जीवन में अपना ले, तो समाज में अन्याय, शिकायत और तकलीफ़ की गुंजाइश बहुत कम रह जाएगी। उन्होंने बच्चों से ईमानदारी, अनुशासन, मानवता, करुणा और सेवा-भाव को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा कहा कि यही मूल्य एक आदर्श एवं शांतिपूर्ण समाज की नींव हैं।
इस अवसर पर Human हुमन वेलफेयर फाउण्डेशन के सदस्य रशीद अंसारी, सैय्यद सरफ़राज़, कामरान आज़म, इनामुल हक़, खालिद हनीफ़ी, वहीद सिद्दीकी, अयूब ख़ान, राजा ख़ान, खलील सहित अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षक, अभिभावक एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में संस्था की ओर से सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।


