सिलपहरी बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की गौरवशाली लोक संस्कृति, परंपरा एवं सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से संकट मोचन सेवा समिति सिलपहरी एवं समस्त ग्रामवासियों के संयुक्त तत्वावधान में गौरवशाली चतुर्थ वर्ष भोजली महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला मैदान परिसर सिलपहरी में किया गया। महोत्सव में बड़ी संख्या में माता-बहनों, बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर राजेश सूर्यवंशी, जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक 3 के त्रिलोक श्रीवास, राजेन्द्र शुक्ला, अमित यादव, इंद्राणी कौशिक, गौरीशंकर यादव, नंदकिशोर यादव, मंतराम यादव एवं रामचंद्र यादव सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने भोजली महोत्सव की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वर्षा भोजली ग्रुप ने मारी बाजी
भोजली प्रतियोगिता में विभिन्न टोलियों ने पारंपरिक वेशभूषा एवं भोजली के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में वर्षा भोजली ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 4101 रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं संगवारी भोजली ग्रुप को द्वितीय पुरस्कार 3001 रुपये, पिंकी पाल भोजली ग्रुप को तृतीय पुरस्कार 2101 रुपये, राधा-कृष्ण भोजली ग्रुप को चतुर्थ पुरस्कार 1501 रुपये तथा संकट मोचन भोजली ग्रुप को सांत्वना पुरस्कार 1001 रुपये प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोक मंच की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहीं। कलाकारों ने पारंपरिक नृत्य, गीत एवं हास्य प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान
कार्यक्रम में 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं कक्षा में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ CBSE एवं CG बोर्ड में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार, प्रतिभा सम्मान प्रमाण पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा गांव के वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्गों का सम्मान कर उनके सामाजिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
सिलपहरी में भव्य रंगमंच शेड बनाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने सिलपहरी में आने वाले वर्ष तक भव्य रंगमंच शेड बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गांव में सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए स्थायी मंच की आवश्यकता है और इसके लिए आवश्यक पहल की जाएगी।
वहीं जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि ने भी आने वाले वर्ष में सिलपहरी में अनेक विकास कार्य कराने के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। अतिथियों की इन घोषणाओं का ग्रामीणों ने तालियों के साथ स्वागत किया।
टीकाराम यादव के नेतृत्व में सफल आयोजन
भोजली महोत्सव के सफल आयोजन में आयोजन समिति अध्यक्ष एवं सरपंच सिलपहरी तथा जिलाध्यक्ष देशहा यादव समाज बिलासपुर छत्तीसगढ़ टीकाराम यादव के नेतृत्व में संकट मोचन सेवा समिति के उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल, महासचिव सिरु पाल, कोषाध्यक्ष बाली पटेल, सचिव किशोर पटेल (नंदी ठेकेदार), सहसचिव राजेश पटेल सहित समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों देवा पाल, नरोत्तम पटेल, मन्नू यादव, प्रभु पाल, दिलीप पटेल, सीताराम पटेल, चंद्रशेखर पाल, रामदुलार पाल, दिलकुमार नायक, धरमु पटेल, करन ध्रुव, ललित पाल, शिव नायक, सतीश यादव एवं शुभम यादव का विशेष योगदान रहा।
आयोजन समिति ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रतिभागियों, माता-बहनों एवं समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि भोजली की गौरवशाली परंपरा को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने तथा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को सहेजने के लिए भविष्य में भी भोजली महोत्सव को और अधिक भव्य रूप दिया जाएगा।








