प्रभात राय बिलासपुर। देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों की स्मृति में ग्राम केकती में विशाल मशाल यात्रा निकाली गई। सरपंच एवं सरपंच संघ तखतपुर ब्लॉक के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में ग्रामीणों ने हाथों में जलती मशालें लेकर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मशाल यात्रा के दौरान हाथों में जलती मशालें केवल रोशनी का प्रतीक नहीं थीं, बल्कि वे उन वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग और अधूरे सपनों की लौ का प्रतीक बनीं, जिन्होंने अपना आज कुर्बान कर देश को आजादी का कल दिया।
इस अवसर पर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि शहीदों को याद करना केवल एक रस्म नहीं, बल्कि उनके विचारों, संघर्ष और बलिदान को आगे बढ़ाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस आजादी के लिए देश के वीर सपूतों ने हंसते-हंसते फांसी के फंदे को चूमा, उस आजादी की आत्मा—न्याय, समानता, भाईचारा और लोकतंत्र—को मजबूत करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
केकती की सड़कों पर निकली मशाल यात्रा ने शहीदों की वीरगाथा और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाती, संघर्ष कभी बेकार नहीं जाता और जनहित की आवाज को कभी दबाया नहीं जा सकता।
शहीदों की विरासत हमारी ताकत है, उनका संघर्ष हमारी प्रेरणा है और उनका बलिदान हमारी जिम्मेदारी है।
मशाल जलती रहेगी… संघर्ष चलता रहेगा…
भारत माता के वीर सपूत अमर रहें!
इंकलाब जिंदाबाद!
शहीदों को शत-शत नमन!
इस ऐतिहासिक मशाल यात्रा का नेतृत्व सरपंच संघ तखतपुर के अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह ने ग्रामवासियों कृष्ण सिंह, देवेंद्र यादव, लक्ष्मण कौशिक, अमृत कौशिक, सुरेश कौशिक, अमित यादव, प्रमोद, गोकरण, जमुना शंकर, तुलसी, छेदी कौशिक, हरिचरण दास वैष्णव, द्वारिका, विजय, शिवदयाल, विनोद, संजय, दुर्गा, कोमल, आनंद पांडे, मनमोहन, बरातु एवं घुराऊ के साथ किया।
















